देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जब तक प्रत्येक नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं हो पाएगा। हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होगी।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम, देहरादून के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएं, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता निरंतर बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।