उत्तर प्रदेशशिक्षा

UP Board Result 2026: 23 अप्रैल शाम 4 बजे घोषित होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे, टॉपर्स लिस्ट भी साथ जारी

प्रयागराज | उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं के परिणाम बृहस्पतिवार, 23 अप्रैल को सायं 4 बजे घोषित किए जाएंगे। इसकी जानकारी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने दी।

बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2026 की परीक्षाओं के लिए कुल 52,30,297 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें हाईस्कूल (10वीं) के 27,50,945 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 14,38,682 छात्र और 13,12,263 छात्राएं हैं। वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) में 24,79,352 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 13,03,012 छात्र और 11,76,340 छात्राएं शामिल हैं।

टॉपर्स सूची और स्ट्रीम-वाइज रिजल्ट भी होगा जारी

बोर्ड द्वारा परिणाम के साथ टॉपर्स की सूची भी जारी की जाएगी। इंटरमीडिएट (12वीं) के नतीजे आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के अनुसार घोषित किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया जाएगा।

रिकॉर्ड स्तर पर मूल्यांकन कार्य पूरा

यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 4 अप्रैल को पूर्ण कर लिया गया था। इस प्रक्रिया में करीब 1.10 लाख परीक्षकों ने भाग लिया, जिन्होंने लगभग 2.75 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरू होकर प्रदेश के 254 केंद्रों पर संचालित हुआ और निर्धारित समय में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button