अपराधउत्तर प्रदेश

बिजनौर में सनसनीखेज वारदात: शादी से इनकार पर प्रेमिका की हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारा चाकू

3-4 साल के प्रेम संबंध का खौफनाक अंत, युवती की मौके पर मौत; आरोपी अस्पताल में भर्ती

बिजनौर | उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शादी से इनकार करने पर युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना शहर की कांशीराम कॉलोनी की है, जहां मंगलवार शाम करीब 5 बजे 18 वर्षीय कशिश की उसके प्रेमी राहुल ने गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम संबंध था, लेकिन हाल ही में युवती ने शादी से इनकार कर दिया था।

घर में अकेली थी युवती, आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम।  पुलिस के मुताबिक, घटना के समय युवती के पिता दिल्ली में बस लेकर गए थे, जबकि मां रिश्तेदारी में बाहर गई हुई थीं। घर में कशिश अकेली थी। इसी दौरान आरोपी राहुल वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम दिया।

चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसी, दरवाजा तोड़कर किया अंदर प्रवेश

पड़ोसी अरमान के अनुसार, घर से चीख सुनाई देने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर लोग अंदर दाखिल हुए। वहां आरोपी राहुल कशिश को दबाए हुए था और युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। गले से खून बह रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कशिश को मृत घोषित कर दिया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल पूर्व में भी युवती को अपने साथ हरिद्वार ले गया था, जिसके बाद परिजनों ने मामला दर्ज कराया था। उस समय आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया था और बाद में वह जमानत पर रिहा हुआ था।

मृतका का फाइल फोटो

 

 

 

शादी तय होने से बढ़ा तनाव

स्थानीय लोगों के अनुसार, कशिश की शादी कहीं और तय हो चुकी थी और दो महीने बाद विवाह होना था। इसी बात को लेकर आरोपी लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था। परिजनों ने भी बताया कि आरोपी पहले से धमकियां दे रहा था।

पुलिस का बयान

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की बात सामने आई है। आरोपी घायल अवस्था में मिला है, जिसका इलाज चल रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button