उत्तराखंड

करोड़ों की जमीन पर फर्जीवाड़ा, मास्टरमाइंड पुलिस गिरफ्त में

देहरादून। करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर अवैध कब्जा करने की साजिश रचने के आरोप में देहरादून पुलिस ने मुख्य महिला आरोपी बबीता देवी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि पर स्टे हासिल करने और मृत व्यक्ति के नाम पर कूटरचित अधिकार पत्र बनवाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, टर्नर रोड निवासी राहुल देव ने कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम कर दी थी। वर्ष 2016 में केवल कृष्ण का निधन हो गया था। इसके बाद वर्ष 2024 में वसीयत के आधार पर संपत्ति का नामांतरण राहुल देव के पक्ष में कर दिया गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2026 में भूमि की फर्द निकलवाने पर उन्हें पता चला कि बबीता देवी नामक महिला ने वर्ष 2025 में केवल कृष्ण के नाम से एक फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी (मुख्तारनामा) तैयार करवाई थी। आरोप है कि केवल कृष्ण के निधन के लगभग 10 वर्ष बाद उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति पर स्टे लेने के लिए आपत्ति पत्र दाखिल किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कथित फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी में राजकमल और इनाम कुरैशी को गवाह के रूप में दर्शाया गया था। शिकायत के आधार पर 17 अप्रैल 2026 को बबीता देवी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button