राज्य

सोना-चांदी के दामों में हल्की तेजी, खरीदारी से पहले अपने शहर के ताजा रिटेल रेट जरूर जान लें

हैदराबाद। घरेलू वायदा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में हल्की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 0.06 फीसदी की तेजी के साथ ₹1,59,447 प्रति 10 ग्राम पर खुला। हालांकि शुरुआती कारोबार के कुछ समय बाद इसकी बढ़त सीमित हो गई और सुबह करीब 9:10 बजे यह ₹24 की मामूली बढ़त के साथ ₹1,59,370 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। दूसरी ओर, चांदी के भाव में नरमी देखने को मिली। जुलाई डिलीवरी वाली चांदी ₹491 की गिरावट के साथ ₹2,66,216 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

वैश्विक बाजार में भी दबाव। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दबाव में रहे। स्पॉट गोल्ड 0.2 प्रतिशत फिसलकर 4,476.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.73 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

प्रमुख शहरों में अलग-अलग हैं खुदरा दरें । इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, स्थानीय करों और अन्य शुल्कों के कारण देश के विभिन्न शहरों में सोने और चांदी की खुदरा कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में सोने-चांदी के ताजा भाव। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,58,640 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है, जबकि 22 कैरेट सोना ₹1,45,420 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। दक्षिण भारत के प्रमुख सर्राफा बाजार चेन्नई में सोने की कीमतें अपेक्षाकृत ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। यहां 24 कैरेट सोना ₹1,59,430 और 22 कैरेट सोना ₹1,46,144 प्रति 10 ग्राम पर उपलब्ध है।

वित्तीय राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,58,970 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव ₹1,45,723 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं, बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना ₹1,59,090 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि हैदराबाद में इसकी कीमत ₹1,59,220 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है।

पूर्वी भारत के प्रमुख शहर कोलकाता में 24 कैरेट सोना ₹1,58,760 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं, केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में शुद्ध सोने का भाव ₹1,59,450 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।

चांदी की बात करें तो घरेलू खुदरा बाजार में आज चांदी ₹2,66,210 प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार की शुरुआत करती नजर आई।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button