उत्तराखंड

गैरसैंण में विधानसभा सत्र आज से, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पेश करेंगे बजट

कृतिका भारद्वाज 

जांदेश /उत्तराखंड lआज से उत्तराखंड विधानसभा सत्र की शुरुआत हो रही है। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के पहले दिन बजट पेश किया जाएगा। सदन में लगभग तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड का बजट प्रस्तुत करेंगे। चूंकि प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पूरी संभावना है कि बजट पर इसका प्रभाव दिखाई देगा।विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में रविवार शाम हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में बजट सत्र के एजेंडे को लेकर मंथन किया गया। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि समिति ने सत्र के लिए अभी दो दिन का एजेंडा तय किया है। मंगलवार को फिर बैठक होगी जिसमें आगे का कार्यक्रम तय करेंगे।उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के अभिभाषण के साथ होगी। भोजनावकाश के बाद विधानसभा अध्यक्ष, राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ करेंगी और उसके पश्चात सदन में बजट प्रस्तुत किया जाएगा। मंगलवार को प्रश्नकाल, शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के साथ ही धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ने रविवार को गैरसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा मंडप और सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया।

कांग्रेस का बहिष्कार जारी
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ व बसपा विधायक मो.शहजाद मौजूद रहे। कांग्रेस ने समिति का बहिष्कार बजट सत्र में भी जारी रखा।

गैरसैंण में दूसरी बार पेश होगा चुनावी बजट
राज्य के इतिहास में गैरसैंण में दूसरी बार चुनावी बजट पेश होगा। इससे पहले भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार का आखिरी बजट 2021 में गैरसैंण विधानसभा में पेश किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूदा सरकार का आखिरी बजट सत्र गैरसैंण में पेश करने जा रहे हैं।

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए पेश होने वाले धामी सरकार के बजट का आकार एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। वित्त विभाग के सूत्रों ने बताया कि बजट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। मौजूदा सरकार का आखिरी बजट सत्र होने और अगले साल विधानसभा चुनाव होने की वजह से लोगों को खासी उम्मीदें हैं। चुनाव के मद्देनजर धामी सरकार बजट में कई बड़े ऐलान कर सकती है।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button