देहरादून | प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब प्रत्येक विद्यालय स्तर पर ‘हीटवेव एक्शन प्लान’ तैयार करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
वाटर बेल अनिवार्य, हर छात्र तक पानी की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के तहत सभी स्कूलों में नियमित अंतराल पर ‘वाटर बेल’ बजाने के आदेश दिए गए थे, ताकि छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पी सकें। अब इन निर्देशों को सख्ती से लागू कराने के आदेश दिए गए हैं।
स्कूलों में लागू होंगे ये प्रमुख प्रावधान
जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालयों में निम्न व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएंगी—
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता
आवश्यकता के अनुसार स्कूल समय में परिवर्तन
कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन
ओआरएस एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता
हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूकता
तेज धूप में गतिविधियों पर रोक, समूह में घर भेजने के निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में दोपहर की तेज धूप के दौरान खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, छुट्टी के बाद छात्र-छात्राओं को समूह में घर भेजने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
शिक्षा महानिदेशक ने स्पष्ट किया है छात्रों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।