रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित चारधाम यात्रा को बदनाम करने की कोशिशों पर अब कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। रुद्रप्रयाग जनपद में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक भ्रामक वीडियो के मामले में थाना सोनप्रयाग में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
प्रशासन के अनुसार वायरल वीडियो में केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने की गलत जानकारी दी जा रही थी, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर जांच जारी है।
यात्रा व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन सुनिश्चित हो रहे हैं।
दुष्प्रचार पर जीरो टॉलरेंस नीति
सरकार ने साफ कर दिया है कि—
चारधाम यात्रा से जुड़ी किसी भी प्रकार की फेक न्यूज या अफवाह को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
सूत्रों के अनुसार, 4–5 अन्य संदिग्ध वीडियो भी चिन्हित किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है और संबंधित लोगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो टूक कहा है कि “चारधाम यात्रा की गरिमा और प्रदेश की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अपुष्ट सामग्री को साझा करने से बचें।