उत्तराखंड

न्यायाधीश आशीष नैथानी 3 जून को होंगे सेवानिवृत्त, महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए रहे चर्चित

नैनीताल।उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आशीष नैथानी 3 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सम्मान में उच्च न्यायालय में दोपहर 3:30 बजे मुख्य न्यायाधीश की अदालत में ‘फुल कोर्ट रेफरेंस’ (विदाई समारोह) आयोजित किया जाएगा, जिसमें न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उन्हें भावभीनी विदाई देंगे।

प्रथम जिला जज के पद से पदोन्नत होकर 9 जनवरी 2025 को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति नैथानी का कार्यकाल भले ही अपेक्षाकृत छोटा रहा हो, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मामलों में उल्लेखनीय फैसले दिए। उनके निर्णयों ने न केवल न्यायपालिका की गरिमा को मजबूत किया, बल्कि नागरिक अधिकारों की रक्षा में भी अहम भूमिका निभाई।

अपने महत्वपूर्ण फैसलों में उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी आरोपी से केवल रिश्तेदारी होना संपत्ति कुर्क करने का आधार नहीं बन सकता। इसी सिद्धांत के तहत उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा जारी कुर्की आदेशों को निरस्त कर दिया। इसके अलावा, एक सेना के जवान पर दर्ज दुष्कर्म के मामले को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि आपसी सहमति से बने संबंधों में विवाह से इनकार करना स्वतः दुष्कर्म नहीं माना जा सकता। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि आपराधिक कानून का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रतिशोध का माध्यम नहीं बनना चाहिए।

Janadesh Express

Related Articles

Back to top button